CG News: किसानों की समृद्धि से ही समृद्ध होगा छत्तीसगढ़… मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

CG News: किसानों की समृद्धि से ही समृद्ध होगा छत्तीसगढ़… मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 13 अगस्त। CG News: छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास के गृह प्रवेश समारोह और हरेली उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मंत्री टंकराम वर्मा और उनके परिवार को नए आवास की शुभकामनाएं देते हुए सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली जैसे शुभ अवसर पर गृह प्रवेश का आयोजन पर्व की खुशियों को और खास बना देता है। उन्होंने किसानों को छत्तीसगढ़ की प्रगति की मुख्य धुरी बताते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि में ही प्रदेश की खुशहाली है।

सीएम साय ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता के आर्थिक रूप से सशक्त होने से ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को गति मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी प्रदेशवासियों को हरेली की बधाई दी और कहा कि हरेली के साथ ही छत्तीसगढ़ में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है। वहीं, कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की संगीतमय प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

समारोह में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित कई मंत्री, विधायक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राज्य खबर