जगदलपुर, 12 अगस्त| CG News: छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर वनमंडल के दरभा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। हरेली बर्ड फेस्टिवल और विश्व हाथी दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 5 हितग्राही परिवारों को 2-2 लाख रुपये की दर से कुल 10 लाख रुपये की सहायता दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वनवासी और आदिवासी परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें सामाजिक सुरक्षा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनवरी से जून 2026 तक इस योजना के तहत 1,233 प्रकरणों में कुल 17.90 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा रही है।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन में प्रदेश के 11.40 लाख संग्राहकों को 752.86 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जा चुका है। डीबीटी के जरिए बिना बिचौलिये के भुगतान किया जा रहा है।
इसके अलावा वर्ष 2023 के लाभांश के रूप में 7.14 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 162.32 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा रही है। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से वनांचल के परिवारों को आर्थिक मजबूती मिल रही है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


