रायपुर, 23 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (सीजी व्यापम) द्वारा प्रयोगशाला परिचालक के रिक्त पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा (PSLA-26) का आयोजन 26 जुलाई को किया जाएगा। परीक्षा रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। इसमें कुल 16 हजार 987 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर ने पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई को सुबह 6 बजे जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से किया जाएगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुचारु संचालन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, बिजली, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
परीक्षार्थियों की जांच और तलाशी की प्रक्रिया को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।


