रायपुर, 06 नवम्बर। CG Patwari Strike: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर सरकार और पटवारी संघ के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। 13 अक्टूबर से जारी हड़ताल के बीच अब सरकार एस्मा (ESMA) लागू करने की तैयारी में है। सरकार की ओर से दिए गए अल्टीमेटम की समयसीमा खत्म होने में अब महज 24 घंटे बाकी हैं। ऐसे में पटवारियों और सरकार के बीच गतिरोध और बढ़ने के आसार हैं।
150 से ज्यादा पटवारी निलंबित
हड़ताल को लेकर प्रदेशभर में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 150 से अधिक पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, 1000 से ज्यादा पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया गया है।
सभी जिलों में SDM के माध्यम से हड़ताल कर रहे पटवारियों को नोटिस थमाए गए हैं। सरकार की सख्ती के बावजूद पटवारी संघ अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए है।
13 अक्टूबर से राजस्व कामकाज प्रभावित
पटवारी संघ 13 अक्टूबर से अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। हड़ताल के कारण प्रदेश में राजस्व से जुड़े कई काम प्रभावित हो रहे हैं। जमीन संबंधी रिकॉर्ड, नामांतरण और अन्य राजस्व कार्यों के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब सरकार के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं। अल्टीमेटम की समयसीमा खत्म होने के बाद सरकार ESMA लागू करती है या पटवारी संघ के साथ बातचीत से कोई समाधान निकलता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।


