CG Viral Video: बाथरूम में लड़कियों के वीडियो… मोबाइल चेक करते ही खुला राज

CG Viral Video: बाथरूम में लड़कियों के वीडियो… मोबाइल चेक करते ही खुला राज

रायपुर, 19 अक्टूबर। CG Viral Video: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नहाते समय लड़कियों के कथित तौर पर चोरी-छिपे वीडियो बनाने और उन्हें साझा करने का मामला सामने आया है। गोल बाजार थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

मोबाइल फोन की जांच में सामने आया मामला

पुलिस के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक नाबालिग ने बाथरूम में नहाते समय एक लड़की का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने दो दोस्तों के साथ साझा किया। पीड़िता को संदेह होने पर एक युवक का मोबाइल फोन चेक किया गया। इसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई।

जांच के दौरान उसी मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के वीडियो भी मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दो युवक गिरफ्तार, तीन मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने मामले में शास्त्री मार्केट निवासी कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21) को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी बताए जा रहे नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66E के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो बनाने और साझा करने से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

क्राइम न्यूज