रायपुर, 03 सितम्बर। CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून अभी भी सक्रिय है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव, फिसलन और कम दृश्यता से यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में बारिश के आसार
राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों समेत धमतरी, बालोद, गरियाबंद और महासमुंद में हल्की बारिश के आसार हैं।
सरगुजा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग में अच्छी बारिश हुई। पोंडी बचरा में 14 सेमी, कुसमी में 8 सेमी, दौरा कोचली में 6 सेमी और राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर व रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर में 3 सेमी बारिश हुई।
3 सितंबर से बारिश में कमी
मौसम विभाग के अनुसार 3 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और वितरण में कमी आने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है और एक-दो जगह भारी बारिश के साथ वज्रपात भी हो सकता है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।


