CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश से राहत… 12 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश से राहत… 12 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून

रायपुर, 11 अगस्त। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों के बीच अगले कुछ दिनों में बारिश से थोड़ी राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की तीव्रता कम रह सकती है। हालांकि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद नई मौसम प्रणाली के प्रभाव से एक बार फिर बारिश बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम खराब होने के आसार हैं।

इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 1 से 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं रायपुर में दिन के समय बारिश नहीं हुई। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर उमस के बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई।

12 अगस्त से फिर बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक इस समय उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ मानसून द्रोणिका और अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी बना हुआ है।

इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से 12 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बनने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

फिलहाल प्रदेश में बारिश से थोड़ी राहत मिलने के संकेत हैं, लेकिन मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं होगा। अगले कुछ दिनों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश जारी रह सकती है। नई मौसम प्रणाली बनने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का जोर फिर बढ़ने की संभावना है।

मौसम