रायपुर, 27 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी उम्मीद जताई है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि CGPSC के नए अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द की जाएगी। इसके साथ ही सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और नई वैकेंसी निकालने की भी तैयारी है।
रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीएम साय ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकारी सेवाओं में रिक्त पदों पर भर्ती को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस साल सरकार ने फैसला लिया है कि जिन किसानों का उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होगा, उन्हें भी 21 क्विंटल के हिसाब से अंतर की राशि दी जाएगी।
वहीं, संसद के विशेष सत्र और परिसीमन को लेकर सीएम साय ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन से लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ सकती है। इससे अधिक लोगों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा और महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते भी खुलेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष EVM और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने लगता है।
फिलहाल युवाओं की नजर CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति और सरकारी विभागों में नई भर्तियों के ऐलान पर टिकी हुई है।


