Chhattisgarh Hockey League: हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया… आज फिर दिखेगा रोमांच

Chhattisgarh Hockey League: हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया… आज फिर दिखेगा रोमांच

रायपुर, 23 अक्टूबर। Chhattisgarh Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। वहीं, महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से शिकस्त दी।

चिराग और केतन ने दागे गोल

न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल किया, जबकि राजधानी रॉयल्स के लिए रौशन ने गोल दागा। मैच के 12वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को चिराग ने गोल में बदलकर न्यायधानी नाइट्स को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

दो गोल से पिछड़ने के बाद राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की। टीम के कप्तान और ओलंपियन ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाई, लेकिन टीम कई मौकों को गोल में बदलने में नाकाम रही। रौशन के गोल के बावजूद राजधानी रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा।

चोट के बावजूद रक्षापंक्ति ने संभाला मोर्चा

न्यायधानी नाइट्स की जीत में उसकी मजबूत रक्षापंक्ति की अहम भूमिका रही। टीम ने राजधानी रॉयल्स के कई हमलों को नाकाम किया। दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट लग गई, लेकिन टीम के रक्षकों ने प्रभावी खेल जारी रखा और विपक्षी टीम को बराबरी करने का मौका नहीं दिया।

लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।

महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने मारी बाजी

महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। इंद्रावती की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।

इंद्रावती टाइग्रेस ने पूरे मुकाबले में बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखते हुए लगातार विपक्षी गोलपोस्ट पर हमले किए और शानदार जीत दर्ज की।

आज होंगे दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। वहीं, शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबले रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों का अनुभव हासिल करने का अवसर देना है।

लीग का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें छह टीमें—राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस—खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं। इस लीग से प्रदेश के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।

स्पोर्ट