Chhattisgarh News: कभी बंदूक थामी…. अब रैंप पर उतरीं पूर्व महिला नक्सली

Chhattisgarh News: कभी बंदूक थामी…. अब रैंप पर उतरीं पूर्व महिला नक्सली

रायपुर, 14 अगस्त। Chhattisgarh News: बस्तर के घने जंगलों में कभी बंदूक थामने वाली पूर्व महिला नक्सलियों ने अब बदलाव और नई जिंदगी की मिसाल पेश की है। राजधानी रायपुर में आयोजित एक विशेष फैशन शो में इन महिलाओं ने पारंपरिक हथकरघा परिधानों में रैंप वॉक कर सबका ध्यान खींचा।

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक एवं फैशन कार्यक्रम में पूर्व महिला नक्सली रंग-बिरंगे पारंपरिक हथकरघा वस्त्र पहनकर आत्मविश्वास के साथ रैंप पर उतरीं। उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खड़े होकर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के हथकरघा उत्पादों और समृद्ध लोक-संस्कृति को बढ़ावा देना था। मुख्यधारा में लौटने के बाद ये महिलाएं शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं। अब वे हथकरघा से जुड़े उत्पादों के प्रचार-प्रसार में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं।

पूर्व महिला नक्सलियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बंदूक छोड़कर शांति, सम्मान और आत्मनिर्भरता का जीवन जीना ही सच्चे बदलाव की पहचान है। कभी नक्सल हिंसा से जुड़ी रहीं इन महिलाओं का रैंप पर आत्मविश्वास के साथ उतरना समाज की मुख्यधारा में उनकी वापसी की एक अलग तस्वीर पेश करता है।

इस कार्यक्रम के जरिए यह संदेश भी सामने आया कि सही अवसर, सरकारी पुनर्वास और समाज के सहयोग से हिंसा का रास्ता छोड़ चुके लोग सम्मान के साथ नई शुरुआत कर सकते हैं।

राज्य खबर