रतनपुर, 14 अगस्त| CG Breaking: रतनपुर थाना क्षेत्र के जूनाशहर स्थित वार्ड क्रमांक 15 में एक कुएं से 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जगदीश पोर्ते के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हरेली की रात जगदीश नशे की हालत में घर से बाहर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान कुएं में उसका शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत रतनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।


