रायपुर, 09 अगस्त। Chhattisgarh News: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अगले महीने छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वह 2 सितंबर को रायपुर स्थित AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के भी शामिल होने की संभावना है।
बताया गया कि AIIMS रायपुर के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल ने दिल्ली में उपराष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें दीक्षांत समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। उपराष्ट्रपति ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
अभी अंडमान दौरे पर हैं उपराष्ट्रपति
फिलहाल उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 8 और 9 अगस्त को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने श्री विजय पुरम स्थित सेलुलर जेल राष्ट्रीय स्मारक में शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने स्वतंत्रता ज्योति पर सम्मान व्यक्त करने के साथ ही वीर सावरकर की कोठरी का भी दौरा किया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान पर आधारित लाइट एंड साउंड शो में हिस्सा लिया।
तिरंगा फहराकर शुरू किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
रविवार को उपराष्ट्रपति ने श्री विजय पुरम के फ्लैग पॉइंट पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह वही ऐतिहासिक स्थान है, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर 1943 को तिरंगा फहराया था।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद
9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो दिवस’ के मौके पर उपराष्ट्रपति ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ‘करो या मरो’ के आह्वान से प्रेरित होकर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी की लड़ाई में एकजुट किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का साहस, बलिदान और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।


