Chhattisgarh Vidhansabha Monsoon Session: विधानसभा में आज 63 जनहित के मुद्दों पर सरकार से सवाल

Chhattisgarh Vidhansabha Monsoon Session: विधानसभा में आज 63 जनहित के मुद्दों पर सरकार से सवाल

छत्तीसगढ़, 16 जुलाई| Chhattisgarh Vidhansabha Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सदन में 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की ओर से कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल फर्जी ग्रामसभाओं के आधार पर उद्योगों की स्थापना और इस मामले में दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे। वहीं रायपुर के मास्टर प्लान, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कर्मचारियों के वेतन भुगतान, जर्जर सड़कें और औद्योगिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी सदन में चर्चा होने की संभावना है।

प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर नवा रायपुर स्थित सेवाग्राम की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी मांगेंगे। विधायक आशाराम नेताम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मामला उठाएंगे, वही विधायक राघवेंद्र सिंह ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत प्राचीन पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों के संरक्षण एवं सत्यापन की जानकारी लेंगे।

कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद मत्स्य पालन के लिए पट्टों के आवंटन का मुद्दा उठाएंगे। वहीं भाजपा विधायक ललित चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय में उपकरण खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे। कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू उर्वरक वितरण से जुड़े विषय को सदन में उठाएंगे।

ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में कथित अनियमितता, रायपुर मास्टर प्लान, औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रदेश की खराब सड़कें, कोरिया जिले में कार में आग लगाकर हत्या और जंगलों की अवैध कटाई सहित कई जनहित के विषय शामिल हैं।

इसके अलावा सदन में दो अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखेंगे, वही विधायक सुशांत शुक्ला प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव सदन के सामने प्रस्तुत करेंगे।

राज्य खबर