Congress Meeting: 29 जुलाई को दिल्ली में होगी छत्तीसगढ़ कांग्रेस की समीक्षा बैठक… राहुल गांधी करेंगे अध्यक्षता

Congress Meeting: 29 जुलाई को दिल्ली में होगी छत्तीसगढ़ कांग्रेस की समीक्षा बैठक… राहुल गांधी करेंगे अध्यक्षता

 छत्तीसगढ़, 27 जुलाई। Congress Meeting: छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अहम समीक्षा बैठक 29 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक कामकाज, विधानसभा के मानसून सत्र में पार्टी की रणनीति और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा संगठन को मजबूत बनाने, विभिन्न जिलों में पार्टी की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब छत्तीसगढ़ कांग्रेस नकटी विस्थापन, कानून-व्यवस्था, किसानों, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगातार हमलावर है। ऐसे में मानसून सत्र के बाद पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर भी मंथन किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रदेश संगठन से जुड़े कुछ अहम मुद्दों और भविष्य के कार्यक्रमों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व दिशा-निर्देश दे सकता है। दीपक बैज और डॉ. चरणदास महंत प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और संगठन की गतिविधियों से जुड़ा फीडबैक केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखेंगे।

प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की चर्चाओं के बीच यह बैठक और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है, जिसके बाद संगठन में बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी बदलाव की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

 

राज्य खबर