Congress Whip: कांग्रेस का व्हिप जारी… सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश

Congress Whip: कांग्रेस का व्हिप जारी… सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश

रायपुर, 27 नवम्बर। Congress Whip: संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ समेत देशभर के अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी करते हुए 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत ने छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों को अनिवार्य रूप से दिल्ली में मौजूद रहने को कहा है।

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, दोनों सदनों में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कार्यवाही 3 दिसंबर तक जारी रह सकती है।

इस विशेष सत्र को लेकर परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर भी चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार इन मुद्दों से जुड़े विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ा सकती है। हालांकि, सत्र के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

वहीं, कांग्रेस ने भी अपनी संसदीय रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे दिल्ली में कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी। इसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में विशेष सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था। अब 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही फिर शुरू होने जा रही है।

News and Politics