गाजियाबाद, 22 अगस्त। Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक गंभीर घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। घटना में पत्नी और 15 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि 14 साल की दूसरी बेटी घायल हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चौथी मंजिल पर रहता था परिवार
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अगस्त की रात करीब 12:15 बजे खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
आरोपी की पहचान राजा अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला बताया जा रहा है। वह अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों के साथ मकान की चौथी मंजिल पर रहता था।
पत्नी और बेटी की मौत
पुलिस के अनुसार, हमले में बीबी तबस्सुम और उनकी 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम की मौत हो गई। वहीं 14 वर्षीय बेटी रूबी तबस्सुम घायल हो गई। घायल बच्ची को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
आरोपी हिरासत में, वजह की जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।


