धमतरी, 09 सितम्बर। Dhamtari Crime News: नशे के कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस के “ऑपरेशन निश्चय” के तहत सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिहावा पुलिस ने रतावा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल को रोका।
तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग और सफारी बैग से पैक किया हुआ 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने करीब 1.50 लाख रुपये की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और तुषार कश्यप (23), निवासी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


