गाजियाबाद, 07 सितम्बर। Ghaziabad News: राजनगर एक्सटेंशन की राज एंपायर सोसायटी में कुत्ता घुमाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। मामले में शिवम गुप्ता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिवम गुप्ता के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:30 बजे सोसायटी के मेंटेनेंस अधिकारी संतोष तिवारी ने उन्हें नीचे बुलाया था। वहां पहले से रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार, उनका बेटा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
कुत्ते का वीडियो डालने के बाद बढ़ा विवाद
शिवम का आरोप है कि सोसायटी के ग्रुप में आनंद कुमार के कुत्ते को घुमाने का वीडियो शेयर करने के बाद विवाद शुरू हुआ। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद आनंद कुमार और उनके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज करते हुए शिवम के साथ मारपीट की।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही उनका कहना है कि झगड़े के दौरान उनके गले से सोने की चेन भी गायब हो गई। हालांकि, चेन गिर गई या किसी ने निकाल ली, इस बारे में वह निश्चित नहीं हैं।
वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिटायर्ड इंस्पेक्टर आनंद कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


