गुजरात, 17 जुलाई| Gujrat News: गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ता (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये सभी आरोपी पहले पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में थे और संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क. राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है।
डिजिटल सबूतों के आधार पर कार्रवाई
गुजरात ATS के पुलिस उपाधीक्षक हर्ष उपाध्याय के अनुसार, जांच के दौरान मिले डिजिटल और अन्य सबूतों के आधार पर इन पांचों को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्धों के संपर्क में थे।
स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश का शक
जांच एजेंसियों को आशंका है कि जैश-ए-मोहम्मद गुजरात में अपना नेटवर्क मजबूत करने और स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा था। एजेंसियों का दावा है कि संगठन उत्तर गुजरात के कुछ युवाओं को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहा था।
हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश की पुष्टि नहीं की है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके संपर्कों व नेटवर्क की जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
गुजरात पहले भी आतंकी संगठनों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर रहा है। ATS और अन्य सुरक्षा एजेंसियां राज्य में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से आतंकी नेटवर्क की एक अहम कड़ी को तोड़ने में सफलता मिली है और आगे भी जांच के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।


