रायपुर, 10 अक्टूबर। IGKV Education News: कृषि की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी ऑनर्स कृषि की रिक्त सीटों पर प्रवेश देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों की काउंसिलिंग की जा रही है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, विद्यार्थियों को पीएटी परीक्षा और 12वीं की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर प्रवेश का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीयन करने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
ऑनलाइन पंजीयन और दस्तावेज अपलोड करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2026, रात 11:30 बजे निर्धारित की गई है। वहीं, शुल्क भुगतान में असफल रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा शुल्क जमा करने के लिए 13 अक्टूबर 2026, रात 11:30 बजे तक का समय दिया जाएगा।
कृषि विश्वविद्यालय ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन, दस्तावेज अपलोड और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि प्रवेश का अवसर न छूटे।


