रायपुर, 06 सितम्बर। IGKV Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब कॉलेजों को पहले की तरह प्रश्नपत्रों के पैकेट नहीं भेजे जाएंगे। इसके बजाय प्रश्नपत्र पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल के जरिए भेजे जाएंगे।
पेपर लीक के कारण स्थगित की गई तीन परीक्षाएं अब 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही कॉलेज प्रबंधन को प्रश्नपत्र खोलने का पासवर्ड दिया जाएगा। पासवर्ड के बिना प्रश्नपत्र खोला नहीं जा सकेगा।
प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया कॉलेज में गठित कमेटी की मौजूदगी में कराई जाएगी। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य होगी। परीक्षा के बाद इसकी पूरी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजनी होगी।
दरअसल, पिछले महीने दुर्ग के एक निजी कॉलेज से तीन विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही WhatsApp पर वायरल हो गए थे। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीनों परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था।
पेपर लीक मामले में कार्रवाई करते हुए दो महिला ऑब्जर्वर को निलंबित किया गया, जबकि स्नातक स्तर के परीक्षा प्रभारी को भी पद से हटा दिया गया। हालांकि परीक्षा विभाग से जुड़े अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल अब भी उठ रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन की नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रश्नपत्रों की सुरक्षा बढ़ाना और परीक्षा शुरू होने से पहले पेपर लीक होने की किसी भी संभावना को रोकना है।


