नई दिल्ली, 15 अगस्त। Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं, टेक्नोलॉजी, खेल, ऊर्जा और रिसर्च को लेकर कई बड़े ऐलान किए। प्रधानमंत्री ने भारत को टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए कई लक्ष्यों की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग शुरू करने की भी घोषणा की गई।
बच्चों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए 5 से 15 साल की उम्र के बच्चों का देशव्यापी स्पोर्ट्स टैलेंट हंट अभियान चलाने की बात कही गई। चुने गए प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विश्वस्तरीय कोचिंग देने का लक्ष्य रखा गया है।
टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सरकार ने सेमीकंडक्टर उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना बताई। अगले 1-2 साल में देश में 7-8 नए सेमीकंडक्टर प्रोडक्शन प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
ऊर्जा क्षेत्र में भारत ने 2047 तक 100 GW परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा अगले 6-7 साल में 5 नए न्यूक्लियर रिएक्टर शुरू करने की योजना का भी जिक्र किया गया।
6G तकनीक को लेकर भी बड़ा लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री ने 2030 तक भारत को 6G तकनीक में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही ‘मेड इन इंडिया’ तकनीक और इनोवेशन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के फंड का भी जिक्र किया गया। इसके साथ ही सिविल डिफेंस को आधुनिक बनाने और भारत को ग्लोबल इनोवेशन हब बनाने पर जोर दिया गया।
10 बड़े ऐलान एक नजर में
1 साल में 1 करोड़ युवाओं को AI स्किलिंग
युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग
5-15 साल के बच्चों का स्पोर्ट्स टैलेंट हंट
सिविल डिफेंस का आधुनिकीकरण
7-8 नए सेमीकंडक्टर प्लांट का लक्ष्य
2047 तक 100 GW परमाणु ऊर्जा क्षमता
6-7 साल में 5 नए न्यूक्लियर रिएक्टर
मेड इन इंडिया 6G को बढ़ावा
2030 तक 6G में वैश्विक नेतृत्व का लक्ष्य
रिसर्च और इनोवेशन के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का फंड


