Jharkhand News: JPSC आंदोलन… सरकार ने छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया

Jharkhand News: JPSC आंदोलन… सरकार ने छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया

रांची, 06 अगस्त। Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार ने आंदोलनकारियों से बातचीत की पहल की है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के छात्र नेता रवींद्र पासवान ने बताया कि राज्य सरकार ने एसडीएम और एसडीओ के माध्यम से आंदोलनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता का प्रस्ताव भेजा है।

उन्होंने कहा, “हमें अभी अपने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का चयन करना है। इसलिए फिलहाल सरकार को बता दिया गया है कि बातचीत संभव नहीं होगी। प्रतिनिधिमंडल तय होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।”

रवींद्र पासवान ने सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले 12 दिनों से विपक्ष के नेता लगातार आंदोलन स्थल पर पहुंचकर छात्रों से मुलाकात कर रहे हैं। ऐसे में सरकार की ओर से कम से कम किसी मंत्री को आंदोलनकारियों से मिलने आना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि बातचीत का संदेश एसडीओ के माध्यम से भेजा गया है। इसके बावजूद छात्र सरकार के प्रस्ताव पर विचार करेंगे और जल्द अपना अंतिम निर्णय बताएंगे।

गौरतलब है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी है।

National