Balaghat Food Poisoning Case: मंडई में चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चे बीमार… मचा हड़कंप

Balaghat Food Poisoning Case: मंडई में चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चे बीमार… मचा हड़कंप

बालाघाट, 22 नवम्बर। Balaghat Food Poisoning Case: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मंडई के दौरान चाऊमीन खाना बच्चों की सेहत पर भारी पड़ गया। किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री में शनिवार रात चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। बच्चों को पेट दर्द और अन्य परेशानियां होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 45 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया। वहीं, 12 वयस्क मरीजों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही रविवार सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों और मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही डॉक्टरों को सभी मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्क मरीजों की हालत सामान्य है। सभी खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

वहीं, किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया। स्वस्थ होने के बाद कई बच्चों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।

फिलहाल सभी भर्ती मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Breaking News