रायपुर, 29 अक्टूबर। Karwa Chauth 2026: करवा चौथ का पावन पर्व आज, 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को मनाया जा रहा है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। रात में चंद्रमा के दर्शन और पूजा के बाद व्रत खोला जाता है।
रायपुर में आज रात 8:18 बजे चांद दिखाई देने का अनुमान है। हालांकि, चक्रवात के प्रभाव के कारण प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने की आशंका है। ऐसे में चंद्रमा के दर्शन के लिए महिलाओं को इंतजार करना पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ के शहरों में चांद निकलने का अनुमानित समय
करवा चौथ पर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में चंद्रोदय का समय अलग-अलग रहने की संभावना है। अनुमानित समय के अनुसार, बलरामपुर में सबसे पहले रात 8:02 बजे चांद दिखाई दे सकता है। वहीं, अंबिकापुर में रात 8:03 बजे और कोरबा में रात 8:06 बजे चंद्रमा के दर्शन होने की उम्मीद है।
जगदलपुर में चांद निकलने का अनुमानित समय रात 8:17 से 8:42 बजे के बीच बताया गया है। रायपुर में रात 8:18 बजे चंद्रोदय की संभावना है। वास्तविक समय में स्थानीय मौसम और भौगोलिक स्थिति के कारण अंतर हो सकता है।
चांद दिखाई नहीं दे तो क्या करें?
चक्रवात के असर से बादल छाए रहने की स्थिति में चंद्रमा के दर्शन में परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति के लिए ज्योतिषाचार्य ने धार्मिक उपाय सुझाए हैं।
उनके अनुसार, यदि बादलों के कारण चंद्रमा दिखाई न दे तो महिलाएं शिव मंदिर जाकर भगवान शिव और गणेश जी का स्मरण कर सकती हैं। धार्मिक मान्यता है कि भगवान शिव की जटाओं में चंद्रदेव विराजमान हैं। ऐसे में भगवान शिव का ध्यान करके पूजा करने की सलाह दी गई है।
करवा चौथ पर महिलाएं दिनभर व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा करती हैं और चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलती हैं।


