बलौदाबाजार, 24 अगस्त। Kasdol Fire News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में महामाया क्लाथ स्टोर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया।
त्योहार सीजन के लिए रखा था नया स्टॉक
जानकारी के मुताबिक, कसडोल बाजार में जुगत राम साहू का महामाया क्लाथ स्टोर है। त्योहार सीजन को देखते हुए दुकान और गोदाम में बड़ी मात्रा में नए कपड़ों का स्टॉक रखा गया था। रविवार रात अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। आग तेजी से फैलने के कारण बड़ी मात्रा में कपड़े इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने की वजह अब भी साफ नहीं
आग बुझाए जाने तक दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जल चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है| कसडोल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


