Kawardha Crime News: कवर्धा में सराफा व्यापारी से लूट… 6 बदमाश 15 किलो चांदी और नकदी लेकर फरार

Kawardha Crime News: कवर्धा में सराफा व्यापारी से लूट… 6 बदमाश 15 किलो चांदी और नकदी लेकर फरार

कवर्धा, 28 अक्टूबर। Kawardha Crime News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दलदली के साप्ताहिक बाजार से बाइक पर घर लौट रहे व्यापारी को तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में छह बदमाशों ने रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी पर डंडे से हमला किया और चांदी के जेवरात समेत नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र की है।

घाटी में घात लगाकर बैठे थे बदमाश

जानकारी के अनुसार, पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेद प्रकाश सोनी मंगलवार को दलदली के साप्ताहिक बाजार गए थे। बाजार से बाइक पर घर लौटते समय तरेगांव और बैजलपुर के बीच घाटी में दो बाइक पर सवार छह अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने व्यापारी का बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया और चांदी के जेवरात व नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

50 लाख की लूट की चर्चा, व्यापारी ने बताई अलग रकम

घटना के बाद व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जानकारी में करीब 50 लाख रुपये की लूट की चर्चा सामने आई थी। हालांकि, एसडीओपी अखिलेश कौशिक के अनुसार, व्यापारी ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 15 किलो से अधिक चांदी लूटे जाने की शिकायत की है। लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जाना बाकी है।

FIR दर्ज, सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी

मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

क्राइम न्यूज