कोलकाता, 14 अक्टूबर। Kolkata Kalighat Incident: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और चाकू से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की शिकायत के मुताबिक, एक महिला ने ममता बनर्जी के साथ गाली-गलौज की और उन पर हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
TMC ने लगाए गंभीर आरोप
TMC नेता डोला सेन ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी पूजा के उद्घाटन के लिए जा रही थीं, तभी महिला ने उनके साथ अभद्रता की। शिकायत में महिला के नशे में होने का दावा भी किया गया है।
हालांकि, पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई महिला के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने यह भी बताया कि मौके पर एक सिविक वॉलंटियर के साथ महिला की तीखी बहस हुई थी।
महिला के नाम को लेकर अलग-अलग जानकारी
TMC की शिकायत में महिला का नाम तनिष्ठा साहा बताया गया है, जबकि पुलिस ने उसका नाम अनुषा साहा बताया है। कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंदा के मुताबिक, महिला की मानसिक स्थिति को लेकर शुरुआती जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला के मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
TMC नेताओं ने इस घटना को ममता बनर्जी की जेड प्लस सुरक्षा में चूक बताते हुए सवाल उठाए हैं। शिकायत में यह दावा भी किया गया कि महिला ने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया था।


