लंदन, 27 जुलाई। London News: लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर रविवार को पानी की आपूर्ति बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण एयरपोर्ट में जल संकट पैदा हो गया, जिससे दोनों टर्मिनलों के टॉयलेट, रेस्टोरेंट और बार को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय जल आपूर्ति कंपनी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली गुल होने से पानी का दबाव अचानक कम हो गया। इसका असर केंट और ससेक्स के कई इलाकों के साथ-साथ गैटविक एयरपोर्ट पर भी पड़ा। पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण यात्रियों को पीने के पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गैटविक एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि स्थिति को सामान्य करने के लिए स्थानीय जल कंपनी के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से यात्रियों को सूचित किया गया कि दोनों टर्मिनलों में फिलहाल पानी की आपूर्ति उपलब्ध नहीं है। यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है और जरूरतमंद लोगों को बोतलबंद पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। कुछ रेस्टोरेंट संचालकों ने अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था भी की है, ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।
हालांकि, कई यात्रियों ने प्रशासन के दावों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें पहले से किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई और एयरपोर्ट पर पर्याप्त मात्रा में पानी की बोतलें भी उपलब्ध नहीं थीं। टॉयलेट बंद होने और खानपान की सुविधाएं प्रभावित होने से लंबे समय तक उड़ानों का इंतजार कर रहे यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।
पूर्व सांसद माइकल डुगर ने भी इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट और बार बंद होने से यात्रियों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं रही और कई लोग फर्श पर बैठने को मजबूर हो गए। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से बंद पड़े रेस्टोरेंट और बार को अस्थायी रूप से खोलने की अपील की है।
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि जल आपूर्ति बहाल करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार काम किया जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही सभी सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।


