Mahakal Temple: महाकाल मंदिर में भारी भीड़… भगदड़ जैसे हालात

Mahakal Temple: महाकाल मंदिर में भारी भीड़… भगदड़ जैसे हालात

उज्जैन, 17 अगस्त। Mahakal Temple: सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान महाकाल के दर्शन के साथ साल में सिर्फ एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस दौरान कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ लोगों के गिरने और बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है।

सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने भीड़ से लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, 13 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

नागचंद्रेश्वर मंदिर के लिए उमड़ी भीड़

नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में केवल एक बार खुलते हैं। इसी वजह से सावन सोमवार के मौके पर मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

बताया जा रहा है कि अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

फिलहाल प्रशासन और सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हैं, ताकि किसी तरह की बड़ी घटना को रोका जा सके।

Breaking News Religion