नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। Mahanadi Dispute: छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के सौहार्दपूर्ण और स्थायी समाधान की दिशा में गुरुवार को नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई। कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल हुए। दोनों मुख्यमंत्रियों ने महानदी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और अपने-अपने राज्यों का पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरकारें आपसी संवाद, सहयोग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
सीएम साय ने महानदी को दोनों राज्यों की जीवनदायिनी नदी बताते हुए कहा कि यह केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के जनजीवन, कृषि और संस्कृति से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि महानदी के जल का बेहतर प्रबंधन कर दोनों राज्यों में सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। साथ ही, जल संसाधनों के प्रभावी उपयोग से नई परियोजनाओं के लिए भी रास्ते खुल सकते हैं।


