Intern Doctor Protest: इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन… CM हाउस की ओर मार्च से पहले पुलिस ने रोका

Intern Doctor Protest: इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन… CM हाउस की ओर मार्च से पहले पुलिस ने रोका

भोपाल, 07 सितम्बर। Intern Doctor Protest: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च निकालने का ऐलान किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हमीदिया अस्पताल परिसर में ही रोक दिया। पुलिस ने अस्पताल के आसपास बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल, रिजर्व पुलिस बल और वाटर कैनन समेत कई वाहन तैनात किए गए हैं। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इंटर्न डॉक्टरों की मांग है कि उनका स्टाइपेंड बढ़ाकर ₹30 हजार प्रतिमाह किया जाए। फिलहाल उन्हें करीब ₹14,337 प्रति माह स्टाइपेंड मिल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि करीब डेढ़ महीने पहले स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इसका लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है।

डॉक्टरों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलकर अपनी मांग रखना चाहते थे। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि स्टाइपेंड बढ़ाने का आधिकारिक लिखित आदेश चाहते हैं।

अस्पताल परिसर में पुलिस की घेराबंदी

मार्च की तैयारी से पहले ही पुलिस ने हमीदिया अस्पताल परिसर की घेराबंदी कर दी। बाहर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। इमरजेंसी गेट को भी ब्लॉक किए जाने की बात सामने आई है। वाटर कैनन और अन्य पुलिस वाहन मौके पर मौजूद हैं।

इंटर्न डॉक्टर मोहित मिश्रा ने कहा कि उन्होंने पहले संवैधानिक तरीके से अपनी मांग रखी और सभी नियमों का पालन किया। जब मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तब मुख्यमंत्री निवास तक मार्च निकालने का फैसला किया गया।

यूपी में स्टाइपेंड बढ़ा, एमपी से भी आदेश की मांग

डॉक्टरों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर ₹25 हजार किया गया है। उनका सवाल है कि जब यूपी में स्टाइपेंड बढ़ सकता है तो मध्य प्रदेश में भी इसे बढ़ाया जाना चाहिए।

डॉक्टरों के मुताबिक प्रदेश में करीब 2 हजार शासकीय इंटर्न डॉक्टर हैं, जबकि कुल इंटर्न डॉक्टरों की संख्या करीब 3,600 बताई जा रही है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जब तक स्टाइपेंड वृद्धि का लिखित आदेश नहीं मिलता, वे हमीदिया अस्पताल परिसर में अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

National