MP News: सड़क नहीं बनी तो कीचड़ में बैठे पार्षद और रहवासी… नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन

MP News: सड़क नहीं बनी तो कीचड़ में बैठे पार्षद और रहवासी… नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन

इंदौर, 21 अगस्त। MP News: वार्ड 75 के भावना नगर-पालदा नाका क्षेत्र में सड़क की खराब हालत से परेशान रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज पार्षद कुणाल सोलंकी और स्थानीय लोग सड़क पर जमा कीचड़ में बैठ गए और धरना शुरू कर दिया।

रहवासियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है। बारिश होते ही सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। इससे पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

कीचड़ में बैठकर जताया विरोध

सड़क की स्थिति को लेकर लोगों की नाराजगी इस कदर बढ़ गई कि उन्होंने नगर निगम का ध्यान खींचने के लिए सड़क पर जमा कीचड़ में बैठकर प्रदर्शन किया। पार्षद और रहवासियों का कहना है कि जब आम लोगों को रोज इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारियों को भी इसकी गंभीरता समझनी चाहिए।

समाधान होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी

पार्षद कुणाल सोलंकी ने कहा कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान होने तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर से मौके पर आकर रहवासियों की समस्या सुनने और समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण और समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन नहीं देते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

बारिश में बढ़ जाती है परेशानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से आवागमन काफी मुश्किल हो जाता है। फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। लोगों का सवाल है कि आखिर इस सड़क का निर्माण कब होगा।

National