MP News: इंदौर में विरोध मौलाना जर्जिस के कथित विवादित बयान पर… थाने का घेराव

MP News: इंदौर में विरोध मौलाना जर्जिस के कथित विवादित बयान पर… थाने का घेराव

इंदौर, 1 अगस्त। MP News: भगवान शिव को लेकर मौलाना जर्जिस अंसारी की कथित विवादित टिप्पणी के बाद इंदौर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवादित बयान से नाराज हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों के साथ चंदननगर पुलिस थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

मौलाना पर FIR और गिरफ्तारी की मांग

बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चंदननगर थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ सख्त धाराओं में FIR दर्ज करने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि विवादित बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

पहले भी विवादित बयान देने का आरोप

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौलाना जर्जिस अंसारी पहले भी सनातन आस्था और हिंदू देवी-देवताओं को लेकर विवादित बयान दे चुका है। उनका आरोप है कि इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। इसी को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

प्रदर्शन के दौरान थाने के बाहर भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने एहतियातन चंदननगर थाने का मुख्य गेट बंद कर दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

National