शहडोल, 27 जुलाई। MP News: शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। मृतकों में खेत में धान की रोपाई कर रहे दो किसान और एक 11 वर्षीय बालक शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बिजुरी चौकी अंतर्गत ग्राम झींक की है, जहां खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 28 वर्षीय किशन, पत्नी राकेश गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीण उन्हें तत्काल झींक-बिजुरी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक मौजूद नहीं थे। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल शहडोल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी झुलस गए, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं, दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में खेत में काम कर रहे 45 वर्षीय सुंदर पाव की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य ग्रामीण भी झुलस गए, जिनका उपचार जारी है। इसके अलावा रेकोवा गांव में खेत में काम कर रहे दो लोग भी बिजली गिरने से घायल हो गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
एक अन्य घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा की है, जहां 11 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह पिता प्रेमलाल सिंह घर के बाहर खड़ा था। तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी भाभी भी झुलस गईं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
लगातार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने किसानों को खुले खेतों में काम करने से बचने तथा बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है।

