Murder Case: बलरामपुर में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की हत्या… पहाड़ में दफनाया शव

Murder Case: बलरामपुर में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की हत्या… पहाड़ में दफनाया शव

बलरामपुर, 28 जुलाई। Murder Case: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोड़ाडूमर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के महिला के घर में घुस जाने पर छेड़छाड़ के संदेह में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से युवक के शव को घने पहाड़ी क्षेत्र में दफना दिया गया।

घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले की सूचना मिलते ही चांदो थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शव को पहाड़ी क्षेत्र में ले जाकर दफना दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

इस घटना ने एक बार फिर कानून को अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

क्राइम न्यूज