रायपुर, 17 अगस्त। Nitin Nabin Photo: राजधानी रायपुर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। मामले में कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत पर की गई। शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नितिन नबीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था। आरोप है कि इसी दौरान ली गई तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिससे लोगों के बीच गलत या भ्रामक संदेश जाने की आशंका जताई गई।
शिकायत के बाद हटाई गई पोस्ट
शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेज सौंपे हैं। शिकायत में बताया गया कि पोस्ट बाद में हटा दी गई, लेकिन इससे पहले वह सोशल मीडिया पर प्रसारित हो चुकी थी। नितिन नबीन ने भी तिरंगा फहराने की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी।
राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत केस
पुलिस ने मामले में FIR क्रमांक 0429/2026 दर्ज की है। अरुण साहू के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट और तस्वीर में कथित छेड़छाड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बीजेपी ने मामले को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा है कि राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।


