ओमान, 03 नवंबर। Oman News: ओमान के तट के पास भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी को 2 नवंबर को एक अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया। इस घटना में गुजरात के रहने वाले एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नाविक की मौत पर गहरा दुख जताया है।
ओमान के तट के पास जहाज को बनाया गया निशाना
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया।
घटना के समय जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे। हादसे के बाद ओमान के तटरक्षक बल ने 13 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। वहीं, गुजरात निवासी नाविक गांधार नाहीम अजीज की चोटों के कारण मौत हो गई।
केंद्रीय मंत्री ने जताया दुख
सर्बानंद सोनोवाल ने नाविक की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतक के परिवार और करीबियों के साथ हैं। उन्होंने इसे देश के लिए दुखद क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
भारत सरकार और दूतावास कर रहे मदद
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। सुरक्षित बचाए गए 13 नाविकों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय किया जा रहा है।
नाविकों की भारत वापसी की तैयारी
सरकार की प्राथमिकता सुरक्षित बचे सभी 13 नाविकों की जल्द भारत वापसी सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भी भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में भारतीय दूतावास और मंत्रालय स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।


