PM Modi: छात्रों के आंदोलन के बीच PM मोदी का संदेश

PM Modi: छात्रों के आंदोलन के बीच PM मोदी का संदेश

नई दिल्ली, 24 जुलाई। PM Modi: देशभर में पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात एक वीडियो संदेश जारी कर बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक कोई मामूली मामला नहीं है और सरकार इस पर और कड़ी कार्रवाई करने जा रही है।

PM मोदी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को भारी मानसिक और शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में सामने आए मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और जांच लगातार जारी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता छात्रों का एक साल बर्बाद होने से बचान था। इसी को ध्यान में रखते हुए करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं कम समय में दोबारा आयोजित कराई गईं और 19 तारीख को परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिए गए।

पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई के लिए सरकार अब फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री के अनुसार, संबंधित विभागों ने इसका मसौदा तैयार कर लिया है, जिसमें दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान भी शामिल होगा। इस प्रस्ताव पर शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा की जाएगी। सरकार का लक्ष्य इसे जल्द अंतिम रूप देकर संसद में विधेयक पारित कराना है।

इसी बीच उच्च शिक्षा विभाग में भी बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ IAS अधिकारी विनीत जोशी को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय भेजा गया है। उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है।

जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐलान को पेपर लीक मामलों पर सरकार के बड़े और सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इस दिशा में कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

National