बिलासपुर, 12 सितम्बर। Political News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में युवा नेताओं को ज्यादा मौका मिलने के संकेत मिले हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि भविष्य में 50 साल से कम उम्र के नेताओं को चुनाव में अधिक टिकट देने की दिशा में फैसला हो सकता है।
बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में सिंहदेव ने कहा कि संगठन में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसका असर आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी दिखाई दे सकता है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों में बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधि सामने आए हैं। ऐसे में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी कम उम्र के नेताओं को अधिक अवसर देने पर विचार किया जा सकता है।
सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर को किसी एक चुनाव की तैयारी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य दूरगामी है। साथ ही उदयपुर चिंतन शिविर-2022 में लिए गए फैसलों को संगठन में लागू करना भी इसका हिस्सा है।
भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच टकराव से किया इनकार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और AICC सचिव देवेंद्र यादव के बीच कथित टकराव की चर्चा पर सिंहदेव ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि ढाई साल के मुख्यमंत्री के मुद्दे के दौरान भी देवेंद्र यादव, भूपेश बघेल के साथ खड़े थे।
संगठन में ST, SC, OBC, अल्पसंख्यक और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने पर भी जोर दिया जा रहा है। सिंहदेव के मुताबिक, इन वर्गों की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
यूथ कांग्रेस चुनाव में कई दावेदारों के सामने आने को उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को इस प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
PM आवास योजना के आंकड़ों पर भी उठाए सवाल
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सिंहदेव ने केंद्र और राज्य सरकार के आंकड़ों पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि सरकार श्वेतपत्र जारी कर यह स्पष्ट करे कि कितने आवास स्वीकृत हुए, कितने मकान बनकर तैयार हुए और कितने परिवारों को इसका लाभ मिला।


