रायपुर, 24 अगस्त। Raipur Breaking: राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। दोनों घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो अपचारी बालक भी शामिल हैं।
रायपुरा चौक के पास हुई पहली वारदात
पहली घटना रायपुरा चौक के पास हुई। पुलिस के अनुसार कैलाश निषाद अपनी महिला मित्र के साथ जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टीकेंद्र देवांगन ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद कैलाश ने चाकू छीनकर टीकेंद्र पर वार किया। हमले में टीकेंद्र की मौत हो गई, जबकि कैलाश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है।
चंगोराभाठा में 20 वर्षीय युवक की मौत
दूसरी घटना चंगोराभाठा के श्रीराम नगर इलाके में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से विवाद हो गया। विवाद के बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
5 आरोपी गिरफ्तार
दोनों घटनाओं में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 अपचारी बालक भी शामिल हैं। वहीं, कुछ अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
एक ही थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल में चाकूबाजी की दो घटनाओं और दो युवकों की मौत के बाद रायपुर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।


