Raipur Central Jail: जेल की ‘रोटी’ अब बाहर भी मिलेगी… 275 रुपए में मिलेगा पूरा फूड पैकेट

Raipur Central Jail: जेल की ‘रोटी’ अब बाहर भी मिलेगी… 275 रुपए में मिलेगा पूरा फूड पैकेट

रायपुर, 09 अगस्त। Raipur Central Jail: रायपुर केंद्रीय जेल अब एक नई पहल शुरू करने जा रहा है। जेल में कैदियों द्वारा तैयार किया गया भोजन अब आम लोग भी खरीद सकेंगे। इस पहल का नाम ‘जेल की रोटी’ रखा गया है।

अगस्त से शुरू होने वाली इस पहल के तहत शुरुआत में रोजाना सिर्फ 30 फूड पैकेट तैयार किए जाएंगे। एक पैकेट की कीमत 275 रुपए तय की गई है। खाना जेल परिसर में ही कैदियों द्वारा तैयार किया जाएगा। इसे खरीदने के लिए लोगों को आस्था कैंटीन में पहले से बुकिंग करानी होगी।

रायपुर की आस्था कैंटीन पहले से ही कैदियों द्वारा तैयार किए जाने वाले मुंगौड़ी, समोसा, जलेबी और मिक्चर के लिए जानी जाती है। अब इसी पहल के तहत तैयार भोजन भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश

जेल अधीक्षक योगेश क्षत्री के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं है। इसका मकसद कैदियों को काम से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए तैयार करना है।

फूड पैकेट से होने वाली आय को कैदियों के कल्याण और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों पर खर्च किया जाएगा। जेल प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से कैदियों को काम सीखने और अपनी क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।

राज्य खबर