रायपुर, 06 अगस्त। Raipur Crime News: राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या उसके प्रेमी करण तांडी ने की थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नंदनी जैन और करण तांडी के बीच पिछले कुछ समय से रिश्ते को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी को युवती पर बेवफाई का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।
जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन भी दोनों की मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से WRS कॉलोनी स्थित तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि नंदनी और करण की करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई, लेकिन समय के साथ दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।
तालाब से शव मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम, घटना के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


