Raipur Crime: गृहमंत्री का PA बनकर लोगों को ठगी… 15 लोगों से 25 लाख वसूले

Raipur Crime: गृहमंत्री का PA बनकर लोगों को ठगी… 15 लोगों से 25 लाख वसूले

रायपुर, 07 अक्टूबर। Raipur Crime: सरकारी नौकरी लगवाने और स्थानांतरण कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये लेने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदित्य मोहन पंडा खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक (PA) बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था। वहीं संतराम यादव भी प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा करते हुए सरकारी नौकरी लगवाने और काम कराने का भरोसा देता था।

नौकरी दिलाने के नाम पर लिए 70 हजार रुपये

मामले की शिकायत बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आदित्य और संतराम ने उसे शासकीय नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी दौरान आदित्य ने खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक बताते हुए नौकरी लगवाने का दावा किया और इसके एवज में 70 हजार रुपये लिए।

रकम लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगवाई गई तो प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

15 लोगों से रकम लेने का दावा

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर सरकारी नौकरी लगवाने और स्थानांतरण कराने के नाम पर लोगों से रकम लेते थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है।

फिलहाल पुलिस मामले में जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं।

क्राइम न्यूज