रायपुर, 05 नवम्बर। Raipur Extortion Case: राजधानी रायपुर में 4 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी और मारपीट का मामला सामने आया है। कारोबारी बलिराम धरमानी (62) की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि जमीन के पुराने सौदे को लेकर कारोबारी पर 4 करोड़ रुपए देने का दबाव बनाया गया। रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2018 में बलिराम धरमानी ने लाभांडी में बोरड परिवार की करीब 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा किया था। इसमें से 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम हुई थी, जबकि शेष जमीन का एग्रीमेंट किया गया था। परिवार के आपसी विवाद के चलते बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी।
आरोप है कि वर्ष 2022 में संदीप अग्रवाल ने जमीन की रजिस्ट्री कराने के बदले 4 करोड़ रुपए की मांग की थी। बाद में बलिराम ने अपने नाम की जमीन बोरड परिवार को वापस कर दी। इसके बदले उन्हें 3.15 करोड़ रुपए मिलने की बात शिकायत में कही गई है।
होटल में मारपीट करने का आरोप
बलिराम धरमानी के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को हुई बैठक में दोबारा 4 करोड़ रुपए की मांग की गई। इसके अगले दिन 27 सितंबर को फाफाडीह स्थित होटल वेलिंगटन में रकम देने से इनकार करने पर अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने उनके साथ मारपीट की। वहीं, अन्य आरोपियों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र कुमार और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


