रायपुर, 10 अगस्त। Raipur News: भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर की पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे ‘बिना दांत और सींग’ वाला सिस्टम बताया है। उन्होंने कहा कि रायपुर में कमिश्नरेट व्यवस्था लागू करना अच्छी पहल है, लेकिन अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को पर्याप्त अधिकार, पुलिस बल और आधुनिक संसाधन देना जरूरी है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर तेजी से बढ़ रहा है। शहर की आबादी बढ़ने के साथ अपराध और ट्रैफिक की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में सिर्फ कमिश्नरेट व्यवस्था लागू करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुलिसिंग को जमीन पर मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने पुलिस बल बढ़ाने के साथ आधुनिक तकनीक और संसाधनों को मजबूत करने तथा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सांसद के इस बयान के बाद रायपुर की कमिश्नरेट व्यवस्था की ताकत और उसके कामकाज को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।


