रायपुर, 03 सितम्बर। Raipur Road Accident: राजधानी रायपुर में तेज बारिश के दौरान रिंगरोड पर एक सवारी बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में जा घुसी। हादसे के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त बस स्टॉप पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, बस कवर्धा से यात्रियों को लेकर रायपुर बस स्टैंड की ओर आ रही थी। इसी दौरान रिंगरोड पर तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तेज रफ्तार बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस स्टॉप का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी है।
गनीमत रही कि जिस समय बस बस स्टॉप से टकराई, वहां कोई यात्री या राहगीर मौजूद नहीं था। अगर उस वक्त लोग वहां खड़े होते तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर तेज बारिश के कारण कम दृश्यता और बस की रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


