UP News: यूपी के 32 जिलों में बाढ़… PM मोदी ने ली जानकारी

UP News: यूपी के 32 जिलों में बाढ़… PM मोदी ने ली जानकारी

वाराणसी, 03 सितम्बर। UP News: उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के सक्रिय होने के बाद लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। प्रदेश के करीब 32 जिले बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं, जबकि वाराणसी और गोरखपुर समेत करीब 22 जिलों में हालात ज्यादा गंभीर हैं। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वाराणसी में बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर बात कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। पीएम मोदी ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

प्रभावित लोगों तक तुरंत पहुंचाई जाए मदद

प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द पहुंचाई जाएं। राहत शिविरों में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार

वाराणसी में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया है। सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी में नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और लोगों से घाटों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

13 राहत शिविरों में 935 लोग

प्रशासन के मुताबिक वाराणसी में 13 राहत शिविर बनाए गए हैं। बुधवार तक इन शिविरों में 219 परिवारों के 935 लोग रह रहे थे। प्रभावित परिवारों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं।

इन जिलों में भी बाढ़ का असर

वाराणसी और अयोध्या के अलावा आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, गोरखपुर, गाजीपुर, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, प्रयागराज, सीतापुर, उन्नाव समेत कई जिलों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। नदियों के जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Wether