नई दिल्ली, 23 जुलाई। Raja Raghuvanshi case: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च अदालत ने उनकी जमानत रद्द करते हुए तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।
मेघालय सरकार ने सोनम रघुवंशी को मिली जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सरकार की ओर से अदालत में दलील दी गई कि उन्हें तकनीकी आधार पर जमानत मिली थी, जबकि मामले में गंभीर आरोप हैं। साथ ही, आरोपी के फरार होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
सुनवाई के दौरान सोनम रघुवंशी की ओर से जमानत बरकरार रखने की मांग की गई। बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि सोनम जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हैं और मामले में अब तक 94 गवाहों में से केवल चार के ही बयान दर्ज किए गए हैं। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि सोनम निर्दोष हैं और उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द कर दी और उन्हें तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान हत्या के बाद यह मामला देशभर में सुर्खियों में आया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड में आए दिन नए खुलासे और कानूनी घटनाक्रम सामने आते रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है।


