Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट को मिला पहला CEO… पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Ram Mandir: राम मंदिर ट्रस्ट को मिला पहला CEO… पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

अयोध्या, 02 सितम्बर। Ram Mandir: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अपना पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। मंदिर की व्यवस्थाओं, प्रशासन और अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में CEO की भूमिका अहम होगी।

करीब चार दशक का सैन्य अनुभव

पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। उन्होंने करीब चार दशक के सैन्य करियर में फाइटर पायलट, टेस्ट पायलट और सीनियर कमांडर के तौर पर जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन लिया था।

उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, पुणे और एयर फोर्स टेस्ट पायलट्स स्कूल, बेंगलुरु से प्रशिक्षण लिया। इसके अलावा अमेरिका के Air Command and Staff College और ब्रिटेन के Royal College of Defence Studies में भी अध्ययन किया।

3,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव

जीतेंद्र मिश्रा के पास 3,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है। वह फाइटर कॉम्बैट लीडर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट के रूप में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने फाइटर स्क्वाड्रन की कमान संभालने के साथ-साथ भारतीय वायुसेना मुख्यालय में ऑपरेशनल प्लानिंग और प्रोजेक्ट्स से जुड़ी जिम्मेदारियां भी निभाईं।

वह Aircraft and Systems Testing Establishment (ASTE) के कमांडेंट और चीफ टेस्ट पायलट जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं।

पश्चिमी वायु कमान की भी संभाली कमान

जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना की Western Air Command के प्रमुख भी रह चुके हैं। उन्होंने 1 जनवरी 2025 को एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में इसकी कमान संभाली थी। इससे पहले वह डिप्टी चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

ऑपरेशन सिंदूर में भी रहा योगदान

जीतेंद्र मिश्रा का नाम ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी चर्चा में रहा। उनके सैन्य योगदान के लिए उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इससे पहले उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल जैसे सम्मान भी मिल चुके हैं।

मंदिर की व्यवस्थाओं में CEO की भूमिका अहम

राम मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, कर्मचारियों का प्रबंधन, सुविधाओं का संचालन, वित्तीय निगरानी और अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल जैसी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं।

ऐसे समय में पूर्व सैन्य अधिकारी जीतेंद्र मिश्रा को CEO की जिम्मेदारी देना ट्रस्ट के प्रशासन को और व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। CEO ट्रस्ट की नीतियों को लागू कराने, विभागों के बीच समन्वय बनाने और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की निगरानी में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

National